Sunday, September 22

स्पोर्टस डेस्क, राजस्थान पल्स न्यूज।

पेरिस में शुरू हुए ओलिंपिक में गुरुवार को तीरंदाजी मुकाबलों के रैंकिंग राउंड में भारतीय महिला तीरंदाजों ने अपना लक्ष्य साधा। भारतीय टीम इस राउंड में चौथे नंबर पर रही। उसने 1983 पॉइंट्स हासिल किए। अब भारतीय टीम सीधे क्वार्टरफाइनल पहुंच गई है।

जानकारी के अनुसार इस राउंड में कोरिया ने ओलिंपिक रिकॉर्ड तोड़ा और 2046 पॉइंट के साथ पहले पोजिशन पर रही। चीन (1996) दूसरे और मैक्सिको (1986 पॉइंट्स) तीसरे नंबर पर रही।

भारत की तीरंदाज अंकिता ने सीजन का उम्दा और श्रेष्ठ प्रदर्शन दिया है, वो 666 पॉइंट्स के साथ 11वें नंबर पर रहीं। भजन 659 पॉइंट्स के साथ 22वें और दीपिका कुमारी 658 पॉइंट्स के साथ 23 वें स्थान पर रहीं। इन तीनों को राउंड ऑफ-64 खेलना होगा। वहीं मेंस कैटेगरी के क्वालिफिकेशन मुकाबले शाम 5:45 बजे से शुरू होंगे। इस आर्चरी की प्रतियोगिता में भारत को पुरुष टीम से काफी उम्मीद है, जिसने इस साल शंघाई में विश्व कप के फाइनल में कोरिया को हराकर इतिहास रचा था।

भारत की टीम में अनुभवी खिलाड़ी है शामिल

भारतीय टीम में तरुणदीप राय और पिछले ओलिंपिक में भाग लेने वाले प्रवीण जाधव के रूप में अनुभवी खिलाड़ी शामिल हैं, जबकि युवा खिलाड़ी धीरज बोम्मादेवरा ने एक महीने पहले ही अंताल्या वर्ल्ड कप में टोक्यो ओलिंपिक के सिल्वर मेडलिस्ट इटली के मौरो नेस्पोली को हराकर ब्रॉन्ज मेडल जीता है।

दीपिका पर है सभी की निगाहें

भारती की महिला टीम में सभी की निगाहें दीपिका पर टिकी रहेंगी। उन्होंने मां बनने के 16 महीने के अंदर शंघाई में वर्ल्ड कप के पहले स्टेज में रजत पदक जीत कर धमाकेदार वापसी की थी। महिला टीम में उनका साथ देने के लिए अंकिता भगत और भजन कौर हैं। इन दोनों का यह पहला ओलिंपिक होगा। पेरिस ओलिंपिक में मेंस टीम का फाइनल सोमवार को जबकि इंडिविजुअल एलिमिनेशन मंगलवार को शुरू होगा। मिक्स्ड टीम का फाइनल अगले शुक्रवार को और उसी सप्ताह के अंत में महिला और इंडिविजुअल फाइनल होंगे।

Exit mobile version