Friday, April 18

देवेन्द्र शर्मा, राजस्थान पल्स न्यूज

राजसमंद जिले में पिछले कुछ समय से स्कूलों मेंं बालिकाओं से छेड़छाड़ और अश्लीलता के मामले सामने आने के बाद जिला शर्मिंदगी महसूस करने लगा है। ऐसे में अब ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए राजसमंद की केलवाड़ा थाना पुलिस ने एक नई पहल की है। थानाधिकारी ने बीट कॉन्स्टेबल को अपने क्षेत्र के स्कूलों में महिला कांस्टेबल के साथ जाकर बालक बालिकाओं से संवाद करने और उनकी परेशानियां समझने की जिम्मेदारी दी है।

थानाधिकारी विशाल गवारिया ने बताया कि बीट कांस्टेबल और महिला कांस्टेबल स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों से संवाद कर रहे हैं। वहीं महिला कांस्टेबल बालिकाओं को गुड टच और बेड टच की जानकारी देगी। महिला कांस्टेबल प्रत्येक बालिका से अकेले में बातचीत करेगी और उसके साथ होने वाले व्यवहार और अप्रिय घटना की जानकारी लेगी। इस दौरान कुछ भी गलत नजर आने पर छात्रा के परिजन और स्कूल स्टाफ को बुलाकर समस्या के समाधान पर चर्चा की जाएगी। जिससे कुछ गलत होने से रोका जा सके। थानाधिकारी ने बताया कि इस अभियान की समय सीमा निर्धारित नहीं की गई है। जिले में केलवाड़ा थाना क्षेत्र में इसे पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लागू किया जा रहा है।

Exit mobile version