Saturday, September 21

जयपुर, राजस्थान पल्स न्यूज़

प्रदेश के पांच विधायकों के सांसद बन जाने के बाद रिक्त हुई पांचों विधानसभा सीटों पर अब उपचुनाव होने हैं। इन उपचुनाव में भाजपा के पास खोने के लिए कुछ भी नहीं है। अगर उपचुनाव में भाजपा एक भी सीट जीत जाती है तो वह उसके लिए प्लस प्वाइंट होगा। उपचुनाव में जीत हासिल करने के लिए भाजपा पूरा प्रयास कर रही है। यही वजह है कि पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी पांचों विधानसभा क्षेत्रों में लगातार कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर रहे हैं।

राजनीतिक सूत्रों के अनुसार खींवसर, झुंझुनूं, चौरासी, देवली-उनियारा और दौसा विधानसभा सीट पर आने वाले दिनों में उप चुनाव होने वाले हैं। इनमें से एक भी सीट भाजपा के पास नहीं थी। तीन सीटों झूंझुनूं, दौसा और देवली-उनियारा सीट पर कांग्रेस के विधायक थे। जबकि शेष दो सीटों में से नागौर सीट पर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी और दूसरी चौरासी विधानसभा सीट पर भारत आदिवासी पार्टी के विधायक थे। इन पांच सीटों में से एक सीट पर भी भाजपा का विधायक नहीं था। ऐसे में विधानसभा उपचुनाव में भाजपा के पास खोने के लिए कुछ नहीं है। अगर किसी सीट पर भाजपा जीत दर्ज करने में कामयाब होती है तो पार्टी की सीटों में इजाफा होगा।

सूत्रों के अनुसार पांच विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर भाजपा ने पूरी तैयारी कर ली है। पार्टी के प्रदेश कार्यालय में पिछले दिनों महत्वपूर्ण बैठक हुई थी, जिसमें लोकसभा चुनाव के प्रभारी डॉ. विनय सहस्रबुद्धे, सीएम भजनलाल शर्मा, प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी सहित संगठन के कई पदाधिकारी मौजूद रहे थे। इस बैठक के बाद 13 जुलाई को जयपुर में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक भी हो चुकी है। इन दो बड़ी बैठकों में आने वाले चुनाव को लेकर रणनीति बनाई गई है। पार्टी के शीर्षस्थ नेताओं ने प्रदेश नेतृत्व को उपचुनाव की तैयारी में जुटने का टास्क दिया है। प्रदेश के आला नेता अब सभी विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को जीत का मंत्र पढा रहे हैं। बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी उपचुनाव वाले क्षेत्रों के दौरे पर निकले हुए हैं। दो दिन पहले वे नागौर जिले के खींवसर पहुंचे थे। एक दिन पहले उन्होंने झुंझुनूं जाकर कार्यकर्ताओं की बैठक ली और बुधवार यानि आज वे दौसा दौरे पर रहे।

गौरतलब है कि पिछले दिनों 7 राज्यों में 13 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुए थे जिसमें भाजपा को दो और इंडी गठबंधन को 11 सीटों पर जीत मिली।

Exit mobile version