Sunday, September 22

नई दिल्ली। Rajasthan Pulse News

लोकसभा चुनाव में 99 सीटें हासिल करने के बाद अब कांग्रेस राज्यों की सत्ता में वापसी करने की तैयारी में जुट गई है। इसके लिए कांग्रेस के शीर्षस्थ नेता मंथन करने में जुटे हैं।

राजनीतिक सूत्रों के अनुसार वर्ष, 2024 में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए राज्यों में पार्टी के नेताओं के साथ मीटिंग्स की जा रही है। विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस के शीर्षस्थ नेता अभी तक हरियाणा, झारखंड और जम्मू-कश्मीर के पार्टी नेताओं के साथ बैठक कर चुके हैं। इन बैठकों में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल, राज बब्बर सहित कई नेता मौजूद रहे। सूत्रों के अनुसार पार्टी के शीर्षस्थ नेताओं ने विधानसभा चुनाव अकेले लड़ने का मन बना लिया है। हालांकि इन राज्यों में अभी चुनावों की घोषणा नहीं की गई है, लेकिन निर्वाचन आयोग ने ऐसे संकेत दिए हैं कि जल्द ही चुनावों की घोषणा कर दी जाएगी। ऐसे संकेत मिलने के बाद कांग्रेस के शीर्षस्थ नेताओं ने सक्रियता बढ़ा दी।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार कांग्रेस के शीर्षस्थ नेताओं ने अपनी राज्य इकाइयों के नेताओं को निर्देश दिए हैं कि पार्टी के अंदरूनी किसी भी मतभेद के बारे में कोई भी सार्वजनिक बयानबाजी नहीं की जानी चाहिए। पार्टी के शीर्षस्थ नेता पार्टी में अब किसी भी तरह की कोई टूट नहीं देखना चाहते हैं।

सियासी गलियारों में चर्चाएं जोरों पर
कांग्रेस के राज्यों में विधानसभा चुनाव अकेले लड़ने की बातों को लेकर सियासी गलियारों में चर्चाएं जोरों पर चलने लगी हैं। वहीं, राजनीतिक जानकार भी इसके अलग अलग मायने निकालने में जुट गए हैं। कई राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इंडी गठबंधन का साथ बस यहीं तक था। गठबंधन के सहारे लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने अपने अस्तित्व को ना सिर्फ बचा लिया बल्कि फिर से प्रमुख दल के रूप में उभर कर सामने आई है। ऐसे में राज्यों में अकेले चुनाव लड़ने का फैसला कांग्रेस के लिए कितना फायदेमंद होगा, ये आने वाला समय ही बताएगा।

Exit mobile version