Tuesday, September 24

लखनऊ डेस्क, राजस्थान पल्स न्यूज।

अयोध्या के पूरा कलंदर थाना क्षेत्र में 12 साल की बच्ची से रेप करने के आरोपी सपा नेता के बेकरी पर आज योगी सरकार ने बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया है। इससे पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पीडिता की मां से मिले थे, इसके 24 घंटे बाद ही सरकार ने बुलडोजर की कार्रवाई की है। दुष्कर्म की घटना का खुलासा 29 जुलाई को हुआ था, उस समय पीड़िता दो माह की गर्भवती हो गई थी। बताया जाता है किआरोपियों ने बच्ची का अश्लील वीडियो बना लिया। फिर लंबे समय तक उसे ब्लैकमेल करके घिनौनी हरकत करते रहे।  

अयोध्या गैंगरेप केस में योगी सरकार एक्शन में है। बच्ची की मां से सीएम योगी की मुलाकात के 24 घंटे बाद आरोपी सपा नेता मोईद खान की बेकरी को बुलडोजर से ढहा दिया। बेकरी तालाब की जमीन पर 3000 हजार स्क्वायर फीट में बनी थी।

इसके बाद प्रशासन का बुलडोजर सपा नेता की दूसरी बिल्डिंग पर पहुंचा, लेकिन इस इमारत में पीएनबी बैंक चल रही थी। इस कारण उसे तोड़ा नहीं गया। प्रशासन ने बैंक को एक हफ्ते में खाली करने का नोटिस दिया है।

जानकारी के अनुसार प्रशासन ने सपा नेता 65 साल के मोईद की 1 करोड़ की जमीन को चिन्हित किया है। इसमें  4 और प्रॉपर्टी पर भी बुलडोजर चलेगा। इसमें सपा नेता का घर भी शामिल है।  

बच्ची से मिलने के बाद रोने लगे मंत्री
उधर, योगी सरकार में मंत्री संजय निषाद सुबह पीड़ित बच्ची से मिलने अस्पताल पहुंचे। बाहर निकलकर वह फूट-फूटकर राने लगे। उन्होंने कहा कि अखिलेश का पीडीए झूठा साबित हो रहा। लगता है कि इन अपराधियों के सहारे इनकी जीत हुई।

वहीं, पुलिस ने दो और सपा नेताओं समेत तीन पर FIR दर्ज की। पुलिस ने बताया कि आरोपियों में भदरसा नगर पंचायत के चेयरमैन मोहम्मद राशिद, सपा नेता जय सिंह राणा और एक अन्य शामिल है।

पुलिस के अनुसार तीनों ही अस्पताल में भर्ती बच्ची से मुलाकात के नाम पर पहुंचे थे। वहां परिवार से मामले में सुलह करने का दबाव बनाया। परिवार ने इनकार किया, तो खफा हुए और परिजनों को जान से मारने की धमकी भी दी।  आरोपी की अवैध संपत्तियों की जांच की जा रही है। एमडीएम  प्रशासन अनिरुद्ध प्रताप सिंह ने बताया मोईद खान की 1 करोड़ की जमीन को चिह्नित किया गया है। इस पर एक्शन लिया जाएगा।

हालांकि, यह आंकड़ा बढ़ भी सकता है। 2 दिनों में कई लोगों ने शिकायतें की है। उनकी जमीन पर मोईद खान ने जबरन कब्जा किया है।मोईद खान भदरसा से सपा का नगर अध्यक्ष है। वह सपा सांसद अवधेश प्रसाद का करीबी भी है। मोईद की भदरसा में कई प्रॉपर्टी हैं। मुख्य रोड पर उसकी बेकरी शॉप है। उसके एक मकान में बैंक भी संचालित हो रहा है। इसके अलावा कई दुकानें भी हैं, जो किराए पर दे रखी हैं। जिस चौकी पर पीड़िता की मां शिकायत करने पहुंची थी। वह मोईद खान के घर में ही चल रही थी।

यह था पूरा मामला
अयोध्या के पूरा कलंदर थाना क्षेत्र में 12 साल की बच्ची से रेप की घटना हुई थी। आरोपियों ने बच्ची का अश्लील वीडियो बना लिया। फिर लंबे समय तक उसे ब्लैकमेल करके घिनौनी हरकत करते रहे। इस मामले का खुलासा 29 जुलाई को तब हुआ जब पीड़ित बच्ची 2 महीने की गर्भवती हो गई।

बच्ची की मां ने मोईद खान और उनके नौकर राजू के खिलाफ प्रार्थना पत्र दिया था।   आरोप है कि पुलिस ने कोई एक्शन नहीं लिया गया। इसके बाद विहिप, बजरंग दल के साथ निषाद पार्टी के लोगों ने इस मामले पर आक्रोश जताया तो पुलिस ने मोईद खान और उसके नौकर को गिरफ्तार किया।

Exit mobile version