Saturday, September 21

नई दिल्ली।

राज्य सभा सदस्य और इनफ़ोसिस के को-फाउंडर नारायणमूर्ति की पत्नी सुधा मूर्ति ने आज सदन में अपने विचार देश के सामने रखते हुए महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए टीकाकरण शुरू करने और भारत में पर्यटन को बढ़ाने के लिए प्रयास करने की आवश्यकता जताई।

राज्य सभा में पहली बार बोल रहीं सुधा मूर्ति ने अपने भाषण की शुरुआत “जहां नारी का सम्मान होता है, वहां भगवान निवास करते हैं।” के कथन से की। उन्होंने कहा कि आज हमारे देश में काफी तादाद में महिलाएं सर्वाइकल कैंसर से पीड़ित हैं। इस बीमारी का पता लगे तब तक बीमारी बहुत बढ़ जाती है। अधिकतर महिलाएं बीमारी की तीसरी और चौथी स्टेज पर अस्पताल पहुंचती है। उन्होंने सदन अध्यक्ष के माध्यम से निवेदन किया कि अगर कॉरपोरेट के जरिए 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं में सर्वाइकल कैंसर से बचाव का टीकाकरण देश भर में शुरू करवाया जाए तो बहुत सी महिलाओं को इस जानलेवा बीमारी से बचाया जा सकता है। सरकार की यह सकारात्मक और राहत देने वाली बड़ी पहल होगी।

राज्य सभा सदस्य सुधा मूर्ति ने देश में पर्यटन को बढ़ावा देने के भी सुझाव सदन में रखे। उन्होंने कहा कि वर्ल्ड हेरिटेज साइट में भारत के 42 स्मारकों/स्थानों को ही दर्शाया गया है जबकि 57 स्मारक/ स्थल तो बहुत ही ज्यादा दर्शनीय और आश्चर्यजनक हैं। ज्यादातर पर्यटकों को अजंता, एलोरा, ताजमहल जैसे पर्यटक स्थलों के बारे में जानकारी होती है। लेकिन हमारे देश के हर कोने में भारत की कला, संस्कृति, वैभवशाली इतिहास को दर्शाने वाले स्मारक, मंदिर व अन्य स्थल हैं, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं और वो वर्ल्ड हेरिटेज साइट में भी शामिल नहीं हैं। उन्होंने कर्नाटक स्थित श्रवणबेलगोला, कोणार्क मंदिर, गुजरात स्थित कच्छ का रण, बौद्ध धर्म का प्रतीक सारनाथ, असम स्थित माजोली, श्रीरंगम मंदिर सहित मिजोरम, महाराष्ट्र, त्रिपुरा, कश्मीर, मध्यप्रदेश आदि राज्यों के स्मारक, दर्शनीय स्थलों की जानकारी देते हुए, इन स्थानों पर सड़क, टॉयलेट्स आदि मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने का निवेदन सरकार से किया। साथ ही कहा कि पर्यटन बढ़ने से ना सिर्फ राजस्व की बढ़ोतरी होगी बल्कि भारत की भाषा, कला, संस्कृति, वैभव और इतिहास की महक विश्वभर में पर्यटकों द्वारा फैलेगी।

अपना भाषण शुरू करने से पहले राज्य सभा सदस्य सुधा मूर्ति ने उन्हें बोलने के लिए दिए गए 5 मिनट को लेकर सदन अध्यक्ष को उलाहना भी दिया। उन्होंने कहा कि अगली बार उन्हें बोलने का मौका दिया जाए, तब 15 मिनिट का समय निर्धारित किया जाए।

सुधा मूर्ति का संक्षिप्त परिचय….

सुधा मूर्ति एक प्रसिद्ध भारतीय लेखिका और समाजसेवी हैं। वे इंफोसिस फाउंडेशन की चेयरपर्सन भी हैं। उनका जन्म 19 अगस्त 1950 को कर्नाटक में हुआ था। सुधा मूर्ति ने इंजीनियरिंग में उच्च शिक्षा प्राप्त की और अपने करियर की शुरुआत TCS (टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज) से की। वे अपने प्रेरणादायक लेखन और समाज सेवा के कार्यों के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने कई कहानियाँ, उपन्यास, और बच्चों की किताबें लिखी हैं, जो समाज के विभिन्न मुद्दों पर आधारित हैं। उनका जीवन और कार्य समाज के प्रति उनकी अटूट समर्पण और निष्ठा का प्रतीक है। इन्होंने इंफोसिस के सह-संस्थापक एन आर नारायण मूर्ति से शादी की थी। 2006 में भारत सरकार द्वारा सामाजिक कार्यों के लिए मूर्ति को भारत के चौथे सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार पद्म श्री से, एवं 2023 में पद्म भूषण पुरूस्कार से सम्मानित किया गया।

Exit mobile version