Saturday, September 21

मुम्बई, राजस्थान पल्स न्यूज।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर एक बार फिर से निशाना साधा है। मोदी ने कहा कि कांग्रेस के अंदर देशभक्ति की आत्मा दम तोड़ चुकी है। वह विदेश से बैठकर एजेंडे चलाती हैं। मोदी ने चुटकी लेते हुए कहा कि कांग्रेस को तो अब  गणपति बप्पा से भी चिढ़ होने लगी है। पीएम ने कहा कि उन्होने गणेश पूजा किया तो कांग्रेस बेचैन हो गई।

मोदी ने आज महाराष्ट्र के वर्धा में एक रैली को संबोधित करते हुए यह बात कही। वे यहां PM विश्वकर्मा योजना के एक साल पूरे होने पर हुए कार्यक्रम में हिस्सा लेने आए थे। पीएम ने कहा- पुरानी सरकारों में कामगारों के हुनर को सम्मान नहीं मिलता था। कांग्रेस और उनके दोस्तों ने एसीएसटी को दबाकर रखा। उन्हें आगे नहीं बढ़ने दिया।

हमारी सरकार ने स्किल मंत्रालय बनाया। पीएम विश्वकर्मा योजना की शुरुआत की। एक साल में इस योजना के तहत 8 लाख लोगों को स्किल ट्रेनिंग दी गई है।

पीएम मोदी ने कहा- जिस पार्टी में हमारी आस्था और संस्कृति का जरा सा भी सम्मान होगा, वो पार्टी कभी गणपति पूजा का विरोध नहीं कर सकती। लेकिन आज की कांग्रेस को गणपति पूजा से भी नफरत है। मैं गणेश पूजन कार्यक्रम में चला गया, तो कांग्रेस का तुष्टिकरण का भूत जाग उठा। गौरतलब है कि पीएम मोदी सीजेआई डीवाई चंद्रचूड़ के घर गणपति पूजन करने गए थे। इसका विपक्ष ने विरोध किया था।

किसानों के नाम पर राजनीति
कहा- महाराष्ट्र में दशकों तक कांग्रेस और बाद में महा विकास अघाड़ी सरकार ने कपास को महाराष्ट्र के किसानों की ताकत बनाने के बजाय उन्हें बदहाली में धकेला, किसानों के नाम पर राजनीति की और भ्रष्टाचार में लिप्त रहे।  पीएम ने चुटकी लेते हुए कहा कि कांग्रेस और उसके मित्रों ने जानबूझकर एससी, एसटी और ओबीसी के लोगों को आगे नहीं बढ़ने दिया। हमने सरकारी व्यवस्था से कांग्रेस की इस दलित-विरोधी और पिछड़ा-विरोधी सोच को खत्म कर दिया है। बीते एक साल के आंकड़े बताते हैं कि एससी, एसटी और ओबीसी समुदाय विश्वकर्मा योजना का लाभ उठा रहे हैं।

टुकड़े-टुकड़े गेंग चला रही पार्टी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कटाक्ष करते हुए कहा कि यह वो कांग्रेस हैं जिसे टुकड़े-टुकड़े गैंग और अर्बन नक्सल के लोग चला रहे हैं। आज देश की सबसे बेईमान और भ्रष्ट पार्टी कांग्रेस है। देश का सबसे भ्रष्ट परिवार कांग्रेस का शाही परिवार है। ये लोग विदेशी धरती से एजेंडे चलाते हैं। दरअसल पीएम मोदी ने हाल ही में पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने एक बयान का जिक्र किया। जिसमें उन्होंने कहा था कि आर्टिकल 370 की बहाली पर पाकिस्तान और कांग्रेस-नेशनल कांफ्रेंस गठबंधन की राय एक है।

Exit mobile version