Saturday, September 21

नई दिल्ली। Rajasthan Pulse News

रूस और यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद से पीएम मोदी पहली बार रूस की यात्रा पर जाने वाले हैं। प्रधानमंत्री मोदी की रूस यात्रा को लेकर दोनों देशों ने तैयारियां शुरू कर दी है। हालांकि, किसी भी देश ने इस यात्रा को लेकर अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं की है। मीडिया रिपोर्ट में राजनयिक सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि भारतीय और रूसी अधिकारी इस बारे में लगातार एक दूसरे से संपर्क में हैं।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पीएम मोदी जुलाई में अगर रूस की यात्रा पर जाते हैं तो पांच सालों में मास्को की उनकी पहली यात्रा होगी। इससे पहले उन्होंने सितंबर, 2019 में रूस की यात्रा की थी। हालांकि, पीएम मोदी रूस जाने वाले हैं या नहीं, इस पर विदेश मंत्रालय ने अभी तक किसी भी तरह की कोई जानकारी नहीं दी है।

लेकिन क्रेमलिन के अधिकारी यूरी उशाकोव ने रूसी सरकारी न्यूज एजेंसी नोवोस्ती को बताया है कि पीएम मोदी का रूस दौरा भारत-रूस शिखर सम्मेलन को ध्यान में रखकर बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पीएम मोदी की रूस यात्रा को लेकर मॉस्को में जोर-शोर से तैयारी चल रही है। उन्होंने कहा है कि ‘मैं पुष्टि कर सकता हूं कि हम भारत के प्रधानमंत्री की यात्रा की तैयारी कर रहे हैं।’

गौरतलब है कि भारत और रूस के बीच रणनीतिक साझेदारी और रिश्तों को मजबूत करने के लिए दोनों देश वार्षिक शिखर सम्मेलन का आयोजन करते रहते हैं। अब तक भारत और रूस में बारी-बारी से 21 वार्षिक शिखर सम्मेलन आयोजित किए जा चुके हैं। आखिरी शिखर सम्मेलन 6 दिसंबर, 2021 को नई दिल्ली में आयोजित किया गया था। इस दौरान रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए नई दिल्ली आए थे।

Exit mobile version