Sunday, September 22

नई दिल्ली, राजस्थान पल्स न्यूज़

अगले महीने भारत 200 एकड़ जमीन बांग्लादेश को लौटाएगा। इसके लिए प्रक्रिया की जा रही है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार नदी के कटाव की वजह से बांग्लादेश की 200 एकड़ जमीन भारत में आ गई थी। बीजीबी और बीएसएफ के सीनियर अधिकारियों के बीच अभी हाल ही में मीटिंग हुई है। जिसमें विवादित भूमि का फिर से सर्वे करने और इसे सही मालिकों को लौटाने का संयुक्त निर्णय लिया गया है। दौलतपुर उपजिला में रामकृष्णपुर संघ के चालिशपारा क्षेत्र में यह विवादित भूमि स्थित है, जो पद्मा नदी के मार्ग में बदलाव और प्राकृतिक आपदाओं के कारण विवाद में रही है। इसने 3 किलोमीटर के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सीमा स्तंभों को अव्यवस्थित कर दिया।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक जमीन से जुड़े विवाद को लेकर इस वर्ष की शुरुआत में सर्वे किया गया था। इसमें पूरा मामला सामने आ गया था। बीजीबी की 47वीं बटालियन के कमांडर लेफ्टिनेंट कर्नल एम. महबूब मुर्शेद रहमान ने मामले की पुष्टि की। 10 फरवरी को सर्वेक्षण के दौरान पता चला कि लगभग 200 एकड़ बांग्लादेश की भूमि भारतीय क्षेत्र में और करीब 40 एकड़ भारतीय भूमि बांग्लादेश क्षेत्र में चली गई है। दोनों देश अब अक्टूबर में आधिकारिक रूप से सीमाओं को सही करने की तैयारी कर रहे हैं।

विवादित भूमि का फिर से सर्वे करने और उसे उसके वास्तविक मालिकों को लौटाने पर सहमति बनी है। इस बैठक में सीमा पर हत्याओं को रोकने और मादक पदार्थों की तस्करी से निपटने जैसे व्यापक मुद्दों पर भी चर्चा की गई। बांग्लादेश के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व लेफ्टिनेंट कर्नल रहमान ने किया, जबकि रोशनबाग बटालियन के कमांडेंट विक्रमदेव सिंह ने बीएसएफ का प्रतिनिधित्व किया।

Exit mobile version