Sunday, September 22

नई दिल्ली, राजस्थान पल्स न्यूज

केजरीवाल सरकार में शिक्षा मंत्री आतिशी मार्लेना दिल्ली की नई मुख्यमंत्री होंगी। विधायक दल की बैठक में अरविंद केजरीवाल ने उनके नाम का प्रस्ताव दिया है। दिल्ली सरकार में इस वक्त वे सबसे ज्यादा विभागों की मंत्री हैं। कुछ देर बाद अरविंंद केजरीवाल अपने पद से इस्तीफा दे देंगे। फिर कुछ समय की बाद आतिशी का शपथ ग्रहण होगा, जिसके बाद वो दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री बन जाएंगी।

इससे पहले शीला दीक्षित और सुषमा स्वराज दिल्ली की मुख्यमंत्री रह चुकी हैं। शीला दीक्षित 1998 से 2013 तक दिल्ली के मुख्यमंत्री की कुर्सी संभाली थी। वो 15 साल प्रदेश की मुख्यमंत्री रहीं। वहीं सुषमा स्वराज भी दिल्ली की मुख्यमंत्री रही हैं। हालांकि उनका कार्यकाल महज़ 52 दिन का था।

शाम 4:30 बजे केजरीवाल उपराज्यपाल विनय सक्सेना को इस्तीफा सौंपेंगे। इसी हफ्ते नए CM और कैबिनेट का शपथ ग्रहण भी होगा। 26 और 27 सितंबर को 2 दिन का विधानसभा सत्र बुलाया गया है।

13 सितंबर को शराब नीति केस में सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद केजरीवाल ने 15 सितंबर को मुख्यमंत्री पद छोड़ने का ऐलान किया था। उन्होंने कहा था कि, ‘अब जनता तय करे कि मैं ईमानदार हूं या बेईमान। जनता ने दाग धोया और विधानसभा चुनाव जीता तो फिर से कुर्सी पर बैठूंगा।’

Exit mobile version