Sunday, September 22

जयपुर डेस्क, राजस्थान पल्स न्यूज।

अरुणाचल प्रदेश के अपर सुबनसिरी जिले में ऑपरेशन अलर्ट के दौरान सेना का एक ट्रक खाई में गिर गया। इस हादसे में सेना के तीन जवानों के शहीद होने की खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है इनमें एक जवान राजस्थान के बाड़मेर जिले का था। घटना के बाद जवान के गांव में शोक की लहर छा गई है। जवाना की पार्थिव देह कल उनके पैतृक गांव हरसाणी लाया जाएगा। यह हादसा कल हुआ था।

भाई करते है खेती
बाड़मेर जिला मुख्यालय से करीब 95 किमी दूर हरसाणी गांव के रहने वाले हवलदार नखत सिंह (34) वर्ष 2010 में सेना में भर्ती हुए थे। नखत सिंह के चचेरे भाई महेन्द्र के अनुसार नखत सिंह 19 ग्रेनेडियर यूनिट में तैनात थे। यह अरुणाचल प्रदेश में बीते 2 साल से अधिक समय से तैनात थी। बताया जा रहा है कि सेना के किसी अधिकारी ने नखत सिंह के चाचा से फोन पर बात की थी।  महेंद्र सिंह के अनुसार नखत सिंह सहित 6 भाई और एक बहन थे। इनके पिता का स्वर्गवास करीब 5 साल पहले हो गया था। भाई खेती का काम करते है। जवान की पत्नी विजय लक्ष्मी (31) गृहिणी हैं। इनके 2 बच्चे हैं। वर्ष 2015 में ही नखत सिंह की शादी हुई थी।

एयरबेस से लाई जाएगी पार्थिव देह
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नखत सिंह की पार्थिव देह कल (गुरुवार) की सुबह 11 बजे बाड़मेर लाई जाएगी। असम के डिब्रूगढ़ एयरबेस से हेलिकॉप्टर में रखकर पार्थिव देह को पहले दिल्ली लाया जाएगा। दिल्ली से उनके पैतृक गांव लाई जाएगी।

यहां हुआ था हादसा
अरुणाचल प्रदेश के अपर सुबनसिरी जिले से करीब 145 किलोमीटर दूर पर यह दर्दनाक हादसा हुआ था। शहीदों में हवलदार नखत सिंह, नायक मुकेश कुमार और ग्रेनेडियर आशीष शामिल हैं।  

Exit mobile version