Saturday, September 21

जोधपुर, राजस्थान पल्स न्यूज।

जोधपुर में तैयार की गई राजगीरा की किस्म को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। अब रविवार को पीएम नरेन्द्र मोदी देशभर से चयनित उच्च पोषण युक्त विभिन्न खाद्य फसलों की 109 किस्म को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसमें जोधपुर की राजगीरा-2 भी शामिल किया गया है। यह किस्म जोधपुर के कृषि विश्वविद्यालय की ओर से विकसित की गई है। आम भाषा में इसे रामदाना और उत्तर भारत में इसे चौलाई शाक के नाम से भी जाना जाता है।

विश्वविद्यालय के परियोजना अधिकारी और सह आचार्य डॉ.मिथिलेश कुमार के अनुसार  2 अगस्त 2024 को ‘सेंट्रल सब कमिटी आन क्रॉप स्टैंडर्ड नोटिफिकेशन एंड वैरायटी रिलीज फॉर एग्रीकल्चर क्रॉप्स’ की 92वीं मीटिंग, नई दिल्ली में हुई थी।

 इसमें जोधपुर कृषि विश्वविद्यालय की जोधपुर राजगीरा -1 एवं जोधपुर राजगीरा- 2 किस्मों को विमोचित किया गया था। जिसमें से जोधपुर राजगीरा-2 को ‘राष्ट्र को समर्पित किस्मों ‘ में शामिल किया गया। डॉक्टर मिथलेश के अनुसार जोधपुर राजगिरा- 2 को राजस्थान, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखण्ड, उड़ीसा, महाराष्ट्र और उत्तरप्रदेश में चिन्हित किया गया है। इस किस्म की औसत उपज 13 से 15 क्विंटल प्रति हेक्टेयर है। इसमें प्रोटीन की मात्रा 12.7 प्रतिशत, तेल 8.33‌ प्रतिशत व लायसिन 4.72% है। इस किस्म को उपयोग में लेने से कुपोषण में कमी के साथ ये किसानों की आय बढ़ाने में भी बहुत लाभदायक है।

कुलपति अरुण कुमार के अनुसार विकसित किस्म ‘जोधपुर राजगीरा -2’ को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से ‘राष्ट्र को समर्पित फसलों की किस्म’ में शामिल किया गया है।  

Exit mobile version