Saturday, September 21

जयपुर, राजस्थान पल्स न्यूज।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ भाजपा नेताओं की ओर से दिए गए आपत्तिजनक बयान के विरोध में आज प्रदेश के कई जिलों में कांग्रेस का प्रदर्शन चल रहा है। अजमेर के अध्यक्ष विजय जैन के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारी कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसके बाद कुछ कांग्रेस प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर लगी बैरिकेडिंग को नीचे गिराकर अंदर जाने लगे। इसी दौरान मुख्य द्वार पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को अंदर जाने से रोक दिया। इस बीच कांग्रेस पदाधिकारी और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प भी हो गई।

बीकानेर में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता प्रदर्शन करते हुए

इन जिलों में भी प्रदर्शन
कांग्रेस की ओर से आज अजमेर, जैसलमेर, बीकानेर, सीकर में विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। बीकानेर में शहर और देहात जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से  संयुक्त प्रदर्शन किया गया। जिला अध्यक्ष यशपाल गहलोत ने नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता गंगा थियेटर के आगे से कलेक्टर कार्यालय तक लाठियां हाथों में लेकर पहुंचे और राहुल गांधी के खिलाफ बयान देने वाले नेताओं को गिरफ्तार करने की मांग उठाई। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाजपा नेताओं के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। 

जैसलमेर जिले में हनुमान चौराहे स्थित गांधी दर्शन के आगे कांग्रेस की ओर से प्रदर्शन किया जा रहा है। जैसलमेर में राजस्थान महिला आयोग सदस्य अंजना मेघवाल के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया।  

सीकर में कांग्रेस ने डाक बंगले से जिला कलेक्ट्रेट तक भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आक्रोश रैली निकाली। कलेक्ट्रेट पहुंचने पर प्रतीकात्मक रूप से पीएम मोदी का पुतला फूंका। 

Exit mobile version