Monday, September 23

जयपुर, राजस्थान पल्स न्यूज।

रक्षा बंधन का पर्व कल मनाया जाएगा। बहिने अपने भाई की कलाई पर राखी के रूप में रक्षा सूत्र बांधकर सुख समृद्धि की कामना करेगी। भाई बहिन की रक्षा का संकल्प लेंगे। पर्व को लेकर आज रविवार को बाजारों में जबर्दस्त रौनक है। घरों में भी त्योहार को लेकर तैयारियां परवान पर है। जगह-जगह सजी राखी की स्थायी और अस्थायी दुकानों पर बहिनों की भीड़ है। कई तरह की राखियां इस बार भी प्रचलन में है। बच्चों के लिए स्पेशल राखियां है।

यह रहेगा मुहूर्त
पंड़ित राजेन्द्र किराड़ू के अनुसार इस बार राखी बांधने के लिए दोपहर 1.33 बजे से पूरा दिन श्रेष्ठ है। उन्होंने बताया कि अल सुबह 3.05 बजे से भद्राकाल शुरू होगा जो दोपहर 1.33 बजे तक रहेगा। इसके बाद दिन श्रेष्ठ है।

यह है महत्व
पंड़ित किराड़ू के अनुसार सनातन धर्म में रक्षा बंधन पर्व का विशेष महत्व बताया गया है। स्कंद पुराण सहित पौराणिक मान्यताओं में रक्षा बंधन को विशेष बताया गया है। मान्यता है कि स्कंद पुराण के अनुसार देवासुर संग्राम के समय देवताओं के गुरु बृहस्पति इंद्र की रक्षा के लिए सावन बांधा था। पौराणिक मान्यता के अनुसार इस दिन से मां लक्ष्मी ने राजा बलि के अनुरोध पर उसकी कलाई पर रक्षा बंधन किया था।

राज्य सीमा में बसें फ्री
रक्षाबंधन के मौके पर राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की ओर से आदेश जारी किया गया है। आदेश के अनुसार 19 अगस्त को रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर प्रदेश की सभी महिलाएं,बालिकाएं राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की ओर से संचालित सभी कैटेगरी की बसों में फ्री यात्रा कर सकेंगी।

परिचालक जारी करेंगे फ्री टिकट
आदेश के अनुसार राज्य की सीमा में सभी महिलाओं को परिचालक  फ्री टिकट जारी करेंगे। यह टिकट इलेक्ट्रॉनिक टिकट मशीन से जारी करेंगे। मशीन नहीं होने की स्थिति में फ्री टिकट बुक कर महिला या बालिका यात्री के साथ ट्रैवल की तारीख नोट करेंगे। फ्री यात्रा केवल एक दिन के लिए मान्य होगी।

Exit mobile version