Tuesday, September 24

जयपुर/जोधपुर/ बीकानेर, राजस्थान पल्स न्यूज़

हरियालो राजसथान-एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत प्रदेश में 2 करोड़ पोधे लगाए जाएंगे। प्रदेश की पहाड़ियों, चारागाह भूमि, सड़क किनारे, विद्यालयों, अमृत सरोवर, जल स्रोतों के किनारे पौधारोपण  कर प्रदेश को हरा-भरा बनाया जाएगा।अभियान को सफल बनाने के लिए सोमवार को शासन सचिवालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी 50 जिलों की तैयारियों और माइक्रो प्लानिंग को लेकर समीक्षा की गई।  

अभय कुमार ने कहा कि जो पौधे लगाए जाएं, उन्हें बचाना भी जरूरी है। उन्होंने लगाए जा रहे सभी पौधों की जियो टैगिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पौधों की जानकारी हरियालो राजस्थान ऐप और भारत सरकार के मेरी लाइफ ऐप पर अपलोड की जाए। उन्होंने इस अभियान में जन सहभागिता को बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए कि सभी राजस्व ग्रामों में पौधों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाए ताकि अभियान को अधिकतम सफल बनाया जा सके और निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति की जा सके।

लहरिया परिधानों में मनाएंगे हरियालो राजस्थान उत्सव
हरियाली तीज का त्योहार राजस्थानी महिलाओं में विशेष महत्व रखता है। अतिरिक्त मुख्य सचिव ने कहा कि इस अवसर पर महिलाओं को लहरिया परिधान पहनकर पौधारोपण कार्यक्रम में सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही आमजन को भी नि:शुल्क पौधों का वितरण किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि राज्य बजट 2024-25 में मुख्यमंत्री वृक्षारोपण महाअभियान के माध्यम से हर परिवार को जोड़ते हुए 7 करोड़ पौधे लगाने व पालन का लक्ष्य रखा गया है। इस क्रम को सतत रखने के लिए मल्टी सेक्टोरल प्रोग्राम के रूप में मिशन “हरियालो-राजस्थान” की घोषणा की गयी है।

मिशन ‘हरियालो-राजस्थान’ को साकार करने के लिए राज्यभर में हरियाली तीज के अवसर पर विभिन्न स्तरों पर कार्यक्रमों में सघन पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित कर दो करोड़ से अधिक पौधे लगाये जायेगें। हरियालो-राजस्थान ऐप के माध्यम से पौधा लगाने वाले वृक्ष प्रेमियों को 51 लाख प्रशस्ति पत्र वितरित किये जाएंगे।

इस दौरान जोधपुर ज़िले से संभागीय आयुक्त  बीएल मेहरा, ज़िला कलेक्टर   गौरव अग्रवाल, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ.धीरज कुमार सिंह सहित सभी ज़िला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे ।

बीकानेर में एक दिन में लगेंगे 10 लाख पौधे
हरियाली तीज के अवसर पर बुधवार को सघन पौधारोपण अभियान के तहत एक ही दिन में लगभग दस लाख पौधे लगाए जाएंगे।

जिला कलक्टर नम्रता वृष्णि ने आज इसकी तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह राज्य सरकार का अत्यंत महत्वाकांक्षी कार्यक्रम है। इसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं हो। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय रखते हुए लक्ष्य के अनुरूप पौधे लगाना सुनिश्चित करें। कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। वहीं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से जुड़े।

इस दौरान जिला कलक्टर ने बताया कि जिला स्तरीय कार्यक्रम बीछवाल स्थित मरुधरा बॉयोलॉजिकल पार्क में  सुबह 10 बजे से होगा। वहीं प्रत्येक ब्लॉक  स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हरियाली तीज के अवसर पर पौधारोपण के इस समारोह को उत्सव की भांति मनाया जाए। इसमें अधिक से अधिक महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करें। महिलाओं को पारम्परिक लहरिया परिधान में आने के लिए प्रेरित किया जाए।

जिला कलक्टर ने बताया कि इस दौरान जिले की स्कूलों, कॉलेजों आंगनबाड़ी केन्द्रों, स्वास्थ्य केन्द्रों, स्काउट गाइड मुख्यालय, सड़कों के किनारे, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट्स, आरएसआरडीसी कार्यस्थलों, मनरेगा कार्य स्थलों, ग्राम पंचायतों एवं पंचायत समितियों, औद्योगिक इकाईयों सहित विभिन्न सरकारी कार्यालयों में पौधे लगाए जाएंगे।  

जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोहन लाल ने बताया कि पौधारोपण के लिए वन विभाग को 1.80 लाख, शिक्षा विभाग को छह लाख तथा मनरेगा को 1.20 लाख पौधों का लक्ष्य दिया गया है। वहीं अन्य विभागों एवं कार्यालयों द्वारा बड़ी संख्या में पौधे लगाए जाएंगे।  

बैठक में उप वन संरक्षक एस. शरथ बाबू, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी महेन्द्र शर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉण् राजेश गुप्ता, महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक सुभाष बिश्नोई, जिला उद्योग केन्द्र की महाप्रबंधक मंजू नैण गोदारा, राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड के सहायक राज्य संगठन आयुक्त रामजस लिखाला, सर्किल ऑर्गेनाइजर जसवंत सिंह राजपुरोहित सहित नगर विकास न्यास एवं नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version