Sunday, September 22

जयपुर, राजस्थान पल्स न्यूज।

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को पार्टी ने नई जिम्मेवारी सौंप दी है। गहलोत को कांग्रेस ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए सीनियर ऑब्जर्वर   नियुक्त किया है। आज दोपहर कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल   ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए इसकी पुष्टि की है। इस लिस्ट में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय माकन और प्रताप सिंह बाजवा भी शामिल है।

स्टार प्रचारकों में गहलोत-पायलट
हरियाणा विधानसभा चुनावों के लिए जो स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है, उसमें 40 नेताओं के नाम थे। राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत, पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का नाम भी शामिल है। इन तीनों ही नेताओं का राजनीतिक कद हाल ही में आए लोकसभा चुनाव रिजल्ट के बाद बढ़ गया है। विधानसभा चुनाव में बीजेपी से मात खाने वाली कांग्रेस ने राजस्थान में भाजपा से लगभग आधी सीटें छीन ली हैं।  

राजस्थान की राजनीति के जादूगर कहे जाने वाले पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बीते लम्बे समय से स्वास्थ्य लाभ ले रहे थे। अब धीरे-धीरे स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद नेताओं व कार्यकर्ताओं से मुलाकात भी कर रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री के स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद सबसे पहले 12 सितंबर को दिल्ली दौरे पर गए, जहां उन्होंने पार्टी आलाकमान से मुलाकात की। तभी से यह कयास लगाए जा रहे थे कि उन्हें पार्टी में बड़ी जिम्मेवारी मिल सकती है। आज इस पर मोहर लग गई।

Exit mobile version