Sunday, September 22

जयपुर डेस्क, राजस्थान पल्स न्यूज।

भगवान श्रीकृष्ण ने उज्जैन में स्थित महर्षि सांदीपनि के आश्रम में शिक्षा ग्रहण की थी। अब मथुरा से उस आश्रम तक जाने वाले मार्ग को विकसित किया जाएगा। इसके लिए राजस्थान और मध्य प्रदेश की सरकारें संयुक्त रूप से पहल करेगी। यह बात आज राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने कही। उन्होंने कहा है कि  इस ‘श्रीकृष्ण गमन पथ’ पर श्री कृष्ण के जीवन काल से जुड़े और पौराणिक आस्था के स्थानों को चिन्हित कर उनका विकास किया जाएगा। 

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आज कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर डीग के पूंछरी का लौठा स्थित मुखारविंद मंदिर में सपत्नीक अभिषेक किया। साथ ही श्रीनाथ जी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए कामना की।

शर्मा ने श्रीनाथजी के मंदिर में फल-फूल अर्पित कर श्री कृष्ण की आरती की साथ ही प्रदेश की 8 करोड़ जनता की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुदर्शनधारी श्री कृष्ण भगवान ने भगवतगीता के माध्यम से पूरी दुनिया को कर्म एवं धर्म का संदेश दिया है। उनका संदेश पूरी मानव जाति के लिए अमूल्य धरोहर है। 

इस अवसर पर गृह राज्यमंत्री  जवाहर सिंह बेढ़म, विधायक  बहादुर सिंह कोली, डॉ. शैलेष सिंह,  नौक्षम चौधरी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं आमजन उपस्थित रहे। इससे पहले मुख्यमंत्री का ग्रामीणों ने आत्मीयता के साथ स्वागत एवं अभिनंदन किया।

Exit mobile version