Saturday, September 21
– पहली बार प्रदेश में सरकारी कैलेंडर में शामिल किए गए हैं नए त्यौहार

जयपुर। राजस्थान पल्स न्यूज़

सरकारी स्कूलों में अब हर साल 22 जनवरी को उत्सव मनाया जाएगा। शिक्षा विभाग की ओर से 22 जनवरी के दिन को विभागीय कैलेंडर में सरकारी पर्व के रूप में शामिल किया गया है। इस वर्ष 22 जनवरी को अयोध्या में रामलला के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा की गई थी। अब इस दिन को सरकारी उत्सव के रूप में मनाया जाएगा।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक यह कैलेंडर हर साल स्कूल शिक्षा परिषद की ओर से जारी किया जाता है। इस साल के कैलेंडर में जनवरी महीने के उत्सव और दिवसों में 22 जनवरी को प्रभु श्रीरामलला प्राण प्रतिष्ठा दिवस भी जोड़ा गया है। सभी तरह के उत्सवों और दिवसों को लेकर विद्यार्थियों में आपसी चर्चा करने, उनके महत्व बताने और चित्र बनाकर अपने अपने विचार रखने के निर्देश लिखे गए हैं। प्राण प्रतिष्ठा के दिन को अलग से कैसे मनाया जाएगा। इस बारे में विशेष कुछ जानकारी नहीं दी गई है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने पिछले दिनों नए सत्र के कैलेंडर को जारी किया था। कैलेंडर के अनुसार इस बार स्कूलों में रक्षाबंधन का पर्व भी मनाया जाएगा। सभी छात्र-छात्राएं एक-दूसरे को रक्षा सूत्र बांधकर रक्षाबंधन का पर्व को मनाएंगे। चूंकि रक्षाबंधन के पर्व पर सरकारी अवकाश होता है। इसलिए रक्षाबंधन के एक दिन पहले जो भी कार्य दिवस होगा। उस दिन स्कूलों में इस पर्व को मनाया जाएगा। इस बार रक्षाबंधन 19 अगस्त (सोमवार) को है और 18 अगस्त को रविवार होने की वजह से अवकाश है। ऐसे में स्कूलों में रक्षाबंधन का पर्व 17 अगस्त को मनाया जाएगा।

शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने उस दौरान मीडिया को कहा कि इस सत्र में तैयार किए गए कैलेंडर को इस तरह से बनाया गया है जिससे बच्चों में सीखने की क्षमताओं में विकास संभव हो सके। सभी तरह के पर्व और दिवसों को कैलेंडर में दर्शाया गया है। साथ ही स्कूलों में होने वाली गतिविधियों को भी शामिल किया गया है। दिलावर का कहना है कि बच्चों के साथ-साथ उनके माता-पिता को भी इन पर्व और विशेष दिवस पर भागीदार बनाया जाएगा। जिससे हमारे पर्व और विशेष दिवसों के बारे में बच्चे भली भांति जान सकेंगे।

Exit mobile version