Sunday, September 22

जयपुर, राजस्थान पल्स न्यूज़

राजधानी में तेजी से फैल चुकी पश्चिमी संस्कृति पर लगाम कसने के लिए पुलिस सख्त होती दिख रही है। पुलिस आयुक्त ने आदेश जारी किए हैं, जिसमें रात 12 बजे के बाद कोई भी पब और डिस्को बार खुला नहीं रखने की हिदायत दी है। साथ ही उन्होंने सभी थानों के एसएचओ को चेतावनी दी है कि उनके थाना क्षेत्र में अगर कोई पब या डिस्को बार, हुक्का बार खुला पाया गया तो उनकी खैर नहीं।

विभागीय सूत्रों के अनुसार दिन-प्रतिदिन विस्तारित होते जा रहे इस मेट्रो शहर में पश्चिमी संस्कृति तेजी से फैल रही है। शहर के कई क्षेत्रों में देर रात तक पब, डिस्को और हुक्का बार खुले रहते हैं। लेट नाइट तक शराब पार्टियां होने से कई बार आपराधिक घटनाएं सामने आईं हैं। आपराधिक घटनाओं को रोकने के लिए जयपुर शहर आयुक्त बीजू जॉर्ज जोसफ ने सख्त आदेश जारी किए।

इससे पहले बजाज नगर थाना क्षेत्र में टोंक रोड स्थित ऑस्ट्रिया कैफे पर आधी रात को पुलिस ने दबिश दी थी। इस कैफे में कई युवक और युवतियां नशीले पदार्थों का सेवन करते पाए गए थे। उस दौरान पुलिस ने इस कैफे में से 39 युवक व युवतियों को गिरफ्तार किया था। मौके पर से काफी मात्रा में तंबाकू, चिलम, पाइप, हुक्के, अलग अलग फ्लेवर के डिब्बे, बीयर कैन, शराब और अन्य नशीले पदार्थ जब्त किए थे। इस कैफे के देर रात तक संचालित होने का जिम्मेवार बजाज नगर थाना के एसएचओ को माना और उन्हें निलंबित कर दिया गया।

इससे पहले भी पुलिस आयुक्त ने जून महीने में जवाहर नगर थाना के एसएचओ और एएसआई को भी निलंबित कर दिया था। इन दोनों पुलिस अधिकारियों पर आरोप लगे थे कि देर रात तक हुक्का और डिस्को बार संचालित होने की जानकारी होने के बाद भी इन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। इसी तरह अशोक नगर थाना प्रभारी को भी इसी प्रकार के मामले में निलंबित किया गया था।

बताया जा रहा है कि जब ऑस्ट्रिया कैफे में दबिश दी गई थी, उस दौरान पुलिस को कई युवक और युवतियां हुक्का, शराब और अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करते पाए गए थे। कुछ युवतियां नशे की पींग में फ्लोर पर डांस कर रहीं थीं और नशे में धुत युवक उन पर नोट बरसा रहे थे। डांस करने वाली युवतियों में कुछ विदेशी बार बालाएं भी थीं।
इस कैफे के संचालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

Exit mobile version