Tuesday, September 24

जयपुर, राजस्थान पल्स न्यूज।

प्रदेश में राज्यसभा में खाली हुई एक सीट पर उपचुनावों को लेकर कवायद शुरू हो गई है। चुनाव आयोग के अनुसार, 14 अगस्त से ही नामांकन शुरू हो जाएंगे और  21 अगस्त नामांकन दाखिल अंतिम दिन रहेगा। वहीं 22 अगस्त को नामांकन पत्रों की जांच होगी, 27 अगस्त तक नामांकन वापस ले सकेंगे। वहीं  3 सितंबर को सुबह 9 से 4 बजे तक वोटिंग होगी। उसी दिन शाम 5 बजे वोटों की गिनती करके परिणाम जारी किए जाएंगे।

गौरतलब है कि कांग्रेस के नेता केसी वेणुगापेाल के लोकसभा चुनाव जीतने के बाद यहां एक राज्यसभा सीट खाली हो गई है। इस एक सीट पर उपचुनाव हो रहा है, इसका कार्यकाल जून 2026 तक है। प्रदेश में मौजूदा संख्या बल को देखते हुए इस सीट पर बीजेपी की जीत तय मानी जा रही है। अगर कांग्रेस ने उम्मीदवार नहीं उतारा तो निर्विरोध निर्वाचन हो सकता है।

जीत के लिए चाहिए 99
राज्यसभा के सदस्यों को विधायक चुनते हैं। राज्यसभा के चुनाव में अपनाए जाने वाले नियम के अनुसार जितनी सीटें खाली होती हैं, उसमें एक जोड़कर जितनी विधानसभा सीटें होती हैं, उसमें भाग दिया जाता है। इसके परिणाम में एक जोड़ा जाता है। इसके बाद जो भी परिणाम आता है, उतने वोट एक सीट पर जरूरी होते हैं। राजस्थान में 1 सीट पर चुनाव होगा। इसमें 1 जोड़ेंगे तो 2 होंगे।

राजस्थान में कुल 200 विधानसभा सीटें हैं, लेकिन 5 सीटें खाली हैं। ऐसे में 195 में 2 का भाग देकर रिजल्ट में 1 जोड़ेंगे तो संख्या 98.50 आएगी। इस तरह राज्यसभा चुनाव में जीत के लिए 99 वोट चाहिए। बीजेपी के पास 115 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के पास मात्र 66 विधायक हैं। संख्या बल के हिसाब से बीजेपी की जीत तय है।

प्रदेश में है 10 सीटें
राजस्थान में राज्यसभा की कुल 10 सीटें हैं। इनमें से 5 कांग्रेस के पास और 4 भाजपा के पास है। एक सीट खाली है। इसी पर चुनाव होना है। यदि यह सीट भी भाजपा के खाते में जाती है तो दोनों पार्टियों के पास पांच-पांच सीट हो जाएंगी। इस चुनाव के बाद सीधे जून 2026 में दो सीटें खाली होंगी। इसमें एक सीट कांग्रेस की है और एक भाजपा की है।

प्रदेश से यह है राज्यसभा सांसद
भारतीय जनता पार्टी में राजेंद्र गहलोत, घनश्याम तिवाड़ी, चुन्नीलाल गरासिया, मदन राठौड़। वहीं कांग्रेस में सोनिया गांधी, नीरज डांगी, रणदीप सिंह सुरजेवाला, मुकुल वासनिक, प्रमोद कुमार है।

Exit mobile version