Sunday, September 22

जयपुर। बीकानेर। Rajasthan Pulse News

आज आपातकाल की बरसी पर भारतीय जनता पार्टी काला दिवस मना रही है। इसको लेकर प्रदेशभर में पार्टी की ओर से सभी जिलों में संगोष्ठी, सभाएं सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। आपातकाल को लेकर बीजेपी कांग्रेस पर हमला बोल रही है। बीजेपी नेताओं का मानना है कि आपातकाल के दौरान लोगों के साथ अत्याचार हुआ, उनका दमन हुआ, इनको इस कार्यक्रम के माध्यम से याद दिलाया जा रहा है।

देश में वर्ष 1975 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार में प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने आपातकाल लगा दिया था। आज आपातकाल की 50 वीं वर्षगांठ है। भारतीय जनता पार्टी सहित कुछ संगठन आपातकाल को काला दिवस के रूप में मना रहे हैं। राजस्थान के अलावा भी बीजेपी कई दूसरे राज्यों में भी संगोष्ठी, सेमीनार, प्रदर्शन के माध्यम से लोगों को आपातकाल की जानकारी दे रही है।

आपातकाल की बरसी पर भाजपा नेता और राज्य के मंत्री कांग्रेस पर निशाना साध रहे हैं। मंगलवार को मंत्री जोगाराम कुमावत ने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने लोकतंत्र की हत्या कर दी थी। लाखों लोगों को जेलों में ठूंस दिया था। उस भयावह दौर को भी नई पीढ़ी को जानना चाहिए।


बीकानेर में हुआ मीसाबंदियों का सम्मान
बीकानेर में संभाग कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान आपातकाल में मीसाबंदी के रूप में जेल मे रहें रिखबदास बोड़ा,मुमताज अली भाटी का सम्मान किया गया। साथ ही उन्होंने आपातकाल के समय जब जेल काटी थी, उसके स्मरण सुनाए। इसमें प्रदेश से मुख्य वक्ता रूप आए काशीराम गोदारा, विधायक जेठानन्द व्यास, महापौर सुशीला कंवर राजपुरोहित, पुर्व विधायक बिहारीलाल विश्नोई ने विचार रखे।

कार्यक्रम में उपमहापौर राजेन्द्र पंवार, सत्यप्रकाश आचार्य, गोकुल जोशी, मोहन सुराणा, देवीलाल मेघवाल, जितेंद्रसिंह राजवी, भंवरलाल जांगिड़, श्याम पंचारिया,रमज़ान अब्बासी,आनन्द सिंह भाटी सहित भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए।

Exit mobile version