Monday, September 23

बारां, राजस्थान पल्स न्यूज।

राष्ट्रीय राज मार्ग पर आमापुरा ओवरब्रिज गायों को बचाने के प्रयास में दो बसें आपस में टकरा गई। इस भीषण हादसे में दो लोगों के मरने और 12 के घायल होने की रिपोर्ट सामने आ रही है। दुर्घटना आज की बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि ओवरब्रिज पर बैठी गायों को बचाने के लिए बस ने जैसी ही लाइन बदली पीछे से तेज रफ्तार में आ रही बस ने उसे टक्कर मार दी। इस कारण आगे चल रही बस पलट गई। हादसे में दो लोगों की मौत और 12 से अधिक घायल हो गए। इनमें 8 लोगों की हालत गंभीर है। बस पलटने से एक शख्स उसके नीचे दब गया। बाद में क्रेन मंगवाई और बस को हटाया, इसके बाद नीचे दबे व्यक्ति के शव को बाहर निकाला गया।   

एसपी के अनुसार गायों को बचाने के लिए बस चालक ने लाइन बदली थी, लेकिन पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस ने टक्कर मार दी।  हादसे में चजवा निवासी मुकेश प्रजापति (34) और टोंक निवासी नरेश (30) की मौत हो गई। हादसे में 12 से अधिक लोग घायल हो गए। इसमें कइयों की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अफरा-तफरी मच गई

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी सी मच गई। यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग ओवरब्रिज पर पहुंचे साथ ही घायलों को बस से निकाला। सूचना मिलने पर जिला कलेक्टर भी मौके पर पहुंच गए।  इस दौरान करीब 1 घंटे तक मार्ग पूरी तरह बंद रहा।

चपेट में आई गोवंश

एसपी के अनुसार आगे चल रही बस छबड़ा से बारां बस स्टैंड जा रही थी। वहीं पीछे चल रही बस नाहरगढ़ से बारां बस स्टैंड के लिए ही जा रही थी। बस के नीचे दबने से एक गोवंश की मौत होने की बात कही जा रही है।  पुलिस मामले की जांच कर है। 

Exit mobile version