Sunday, September 22

दिल्ली डेस्क, राजस्थान पल्स न्यूज।

कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में 8 अगस्त देर रात एक ट्रेनी डॉक्टर की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर रखा है, लेकिन आम आवाम के साथ  ही चिकित्सकों में भारी आक्रोश है। घटना के विरोध में आज देशभर में करीब तीन लाख डॉक्टर हड़ताल पर है। जगह-जगह प्रदर्शन हो रहे हैं। उधर, मामले को लेकर बंगाल सीएम ममता बनर्जी सरकार ने स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम गठित की है। पुलिस ने आरोपी को 10 अगस्त को ही गिरफ्तार कर लिया था, उस पर दुष्कर्म और हत्या का आरोप है। घटना के विरोध में आज रेजिडेंट डॉक्टर हड़ताल पर हैं। एआईआईएमएस  दिल्ली सहित देशभर के सभी सरकारी अस्पतालों में ओपीडी सेवाएं प्रभावित हुई हैं। आपताकालीन सेवाएं चालू रखी गई हैं।

ऑल इंडिया रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी डॉ. सर्वेश पांडे ने कहा- हेल्थ सेक्रेटरी से हमने घटना की सीबीआई से जांच कराने और डॉक्टर्स की सुरक्षा के लिए सेंट्रल प्रोटेक्शन एक्ट बनाने की मांग रखी है। जब तक लिखित आश्वासन नहीं मिलता, हड़ताल जारी रखेंगे।

सबूत मिटाने का किया प्रयास
कोलकाता पुलिस के अनुसार आरोपी संजय रॉय ने 8 अगस्त की रात वारदात से पहले अस्पताल के पीछे शराब पी थी। डॉक्टर से दुष्कर्म करने और उसकी हत्या करने के बाद वह घर जाकर सो गया था। सुबह उठकर सबूत मिटाने के लिए उसने कपड़े धोए। उसके जूते पर भी खून के निशान मिले हैं।

पुलिस ने घटना वाली रात ड्यूटी पर तैनात 3 डॉक्टर्स और 1 स्टाफ को पूछताछ के लिए बुलाया है। इस बीच, आरजी कर मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. संदीप घोष ने सोमवार को इस्तीफा दे दिया है।

 वहीं दूसरी ओर दिल्ली के भी प्रमुख सरकारी अस्पतालों में आज से सभी वैकल्पिक सेवाएं अनिश्चितकाल के लिए बंद की गई हैं। आरएमएल  अस्पताल की एक महिला डॉक्टर  ने कहा है कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को सजा होनी चाहिए।  

महाराष्ट्र के चिकित्सक भी हड़ताल कर रहे हैं। बीएमसी  के महाराष्ट्र एसोसिएशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स ने कहा है कि कोलकाता की घटना को लेकर 13 अगस्त को सुबह 8 बजे से नॉन इमरजेंसी सेवाएं अनिश्चित काल के लिए बंद कर दी जाएगी।

Exit mobile version