Saturday, September 21

चित्तौड़गढ़, राजस्थान पल्स न्यूज

चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति क्षेत्र के कई स्कूलों में अक्षय पात्र फाउंडेशन के तहत दोपहर के अवकाश का भोजन दिया जा रहा है। करीब 300 से ज्यादा बच्चों को पांच स्कूलों में मिड डे मील का भोजन दिया जाता है संस्था द्वारा गुरुवार को भोजन में छात्रों के लिए खिचड़ी भेजी गई थी। मिड डे मील प्रभारी ने बच्चों को भोजन वितरण से पहले बर्तन में देखा तो मरा हुआ मेंढक दिखाई दिया। जिसे देखकर स्कूल स्टॉफ अवाक् रह गया, इस पर प्रभारी ने संस्था प्रधान सुनीता शर्मा को जानकारी दी।

दूषित भोजन को देखते हुए बच्चों को दोपहर का भोजन वितरण नहीं किया, साथ ही समझदारी दिखाते हुवे तत्काल गिलुंड पीईईओ क्षेत्र में आने वाले पांच अन्य स्कूलों में फोन कर इस बारे में अवगत करवाया और विद्यार्थियों को भोजन वितरण के लिए मनाही कर दी। सभी स्कूलों ने दोपहर के समय सभी बच्चों को भोजन के लिए घर जाने की छुट्टी दे दी। बाद में अक्षय पत्र फाउंडेशन से जुड़े कर्मचारी भी भोजन जाँच के लिए स्कूल पहुंचे। सभी स्कूलों से भोजन लेकर पुनः चित्तौड़गढ़ के लिए रवाना हो गए। साथ ही बच्चों को केले का वितरण करवाया गया।

जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक राजेंद्र शर्मा ने बताया कि मामले की जानकारी मिली तो संस्थाप्रधान से मामले की जानकारी ली गई और अक्षय पात्र फाउंडेशन के मैनेजर से भी बात की है, इनकी रसोई का अवलोकन किया गया। गड़बड़ी कहां हुई, इसकी जांच की जा रही है।

इधर, अक्षय पात्र फाउंडेशन के मैनेजर दीपक सोनी ने बताया कि हमारे यहां से खाना सही गया है। हम खाने की जांच भी कर के भेजते हैं। स्कूल से सूचना मिलने के बाद टीम के साथ मौके पर जाकर मामले की जानकारी ली। किसी भी बच्चे को भोजन नहीं कराया था। हम भी जांच कर रहे हैं कि गड़बड़ी कहां हुई है।

Exit mobile version