Sunday, September 22

बीकानेर, राजस्थान पल्स न्यूज।

शहर में इन दिनों सिद्धि-बुद्धि के देवता गणेशजी के जयकारों से गूंज रहा है। अवसर है गणेश महोत्सव का। महानगरों की तर्ज पर बीकानेर में भी कई स्थानों पर गणेश उत्सव मनाए जा रहे हैं। वहीं घरों में भी लोगों ने गणेशजी की स्थापना की है। गणेश चतुर्थी को शुरू हुए महोत्सव की गणेश चतुर्दशी को पूर्णाहुति होगी।

जगह जगह गणेशजी के पंडाल सजे हैं। वहीं घरों में विराजमान गणेशजी महाराज को रोजाना अलग-अलग तरह के पकवानों का भोग लगाया जा रहा है। शहर में बारहगुवाड़ से पहले सदाफतेह, रत्ताणी व्यासों का चौक, भट्‌ठड़ों का चौक, जोशीवाड़ा, नत्थूसर गेट के अंदर रामदेवजी मंदिर के समीप गणेश महोत्सव को लेकर पंडाल सजे हैं। वहीं परकोटे के बाहरी क्षेत्र में कई स्थानों पर गणेश महोत्सव चल रहा है। गणेश चतुर्दशी के दिन प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा।

गणेशजी के लगाया 101 किलो फलों का भोग
रत्ताणी व्यास युवा चौक समिति की ओर से गणेश महोत्सव मनाया जा रहा है। इसमें आज विनायक भगवान के 101 किलो फलों का भोग लगाया गया। दिन की पूजा-आरती युगल हर्ष ने सपत्नी करवाई।संस्था के अध्यक्ष लक्ष्मीकांत ने बताया के 10 दिवसीय इस महोत्सव में छोटे बच्चों की कई तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। साथ ही गणेशजी के 56 भोग,  फल,नारियल,आदि का श्रृंगार किया जाएगा। महोत्सव के अंतिम दिन यज्ञ होगा। इसमें श्रद्धालु आहुतियां देंगे। गणेशजी की शोभा यात्रा निकाली जाएगी। यह शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से होती हुई कपिल सरोवर जाएगी। जहां पर प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। कार्यक्रम का संयोजन रेड व्यास, पूनमचंद व्यास, अमनकान्त, तरुण,प्रभात,आशीष जोशी, माधव,कार्तिक, गौरव,वीरकान्त,रुद्र,रमन,दीपक आदि कर रहे हैं।

Exit mobile version