Saturday, September 21

बाड़मेर, राजस्थान पल्स न्यूज

बालोतरा के कोशलू गांव में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। इस हत्याकांड में मृतक की प्रेमिका सहित परिवार के छह लोगों को पुलिस ने दबोचा है। वारदात का खुलासा पुलिस ने आज किया है। जानकारी के अनुसार  कोशलू निवासी प्रेमिका जेठी ने फोन कर अपने प्रेमी मगाराम को बुलाया। इस पर वह बस में सवार होकर प्रेमिका के घर पर पहुंच गया। लेकिन जैसी ही उसने घर में प्रवेश किया, युवती के परिजनों ने उसे घेर  कर दबोच लिया।   रातभर उसको टॉर्चर किया गया। इस दौरान युवक की मौत हो गई। इसके बाद उसके शव को सिणधरी अस्पताल में छोड़कर फरार हो गए।  शनिवार सुबह 6.30 बजे पुलिस को शव मिला था। इसके बाद आज मामले का पर्दाफाश किया गया।

सिणधरी थानाधिकारी के अनुसार  बाड़मेर की नागाणा जांगुओं की ढाणी ग्राम पंचायत के गांव मुकेनाणियों की ढाणी में रहने वाला मगाराम (25) प्रेमिका जेठी (20) के गांव कोशलू में ऑयल वेलपेड का काम यानी तेल के कुएं पर निगरानी का काम करता था।

मगाराम और जेठी के बीच काफी समय से अफेयर चल रहा था। दोनों की फोन पर बातें होने लगीं। इस दौरान मगाराम जेठी के घर में भी घुस गया। परिजनों ने उसे एक-दो बार पकड़ लिया। समझाया और मगाराम के घरवालों को उलाहना देकर छोड़ दिया।

बताया जा रहा है कि इसके बाद भी मगाराम ने जेठी से मिलना बंद नहीं किया। जेठी के परिवार वालों ने घर में सीसी टीवी कैमरे लगवा दिए। पुलिस के अनुसार शुक्रवार  की शाम 6 बजे जेठी ने मगाराम को फोन किया और रात में घर आने को कहा। मगाराम अपने गांव मुकेनाणियों की ढाणी में था।  

लेकिन देर रात 1 बजे के करीब वह जेठी के घर में घुसा। इस दौरान लड़की के परिजनों ने मगाराम को पकड़कर बंधक बना लिया। आरोप है कि जेठी के परिवार के 10-12 सदस्यों ने मगाराम को तार, लाठी-डंडों से बुरी तरह मारा-पीटा। यह आरोप भी है कि उसे पेशाब पिलाया गया। मारपीट के दौरान ही उसने दम तोड़ दिया।  

इस संबंध में मगाराम के चाचा खरथाराम ने शनिवार को सिणधरी थाने में जेठी समेत 9 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करवाया था। मगाराम के घर में माता-पिता और एक भाई है।

Exit mobile version