Sunday, September 22

अलवर, राजस्थान पल्स न्यूज।

खेरथल-तिजारा जिले के हरसोली थाना क्षेत्र में कुमपुर गांव के पास आज सुबह टेम्पो को बचाने के प्रयास में एक पिकअप पलट गई, इसमें सवार 40 से ज्यादा मजदूर घायल हो गए। यह मजदूर हरसोली से आगे कुमपुर गांव के खेत में प्याज की पौध लगाने जा रहे थे, इस दौरान हादसा हो गया। घायलों में महिलाओं को ज्यादा चोट आई है। मजदूरों को उपचार के लिए हरसोली के सीएचसी ले जाया गया, जहां से उन्हें अलवर जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। घटना की सूचना मिलते ही हरसोली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा।

यह हुए है घायल
हरसोली पुलिस के अनुसार कुमपुर गांव के पास पिकअप चालक ने सामने से आ रहे टेम्पो को बचाने की कोशिश में पिकअप पलट गई।  इसमें खैरथल से करीब 50 मजदूर प्याज की पौध लगाने के लिए कुमपुर गांव जा रहे थे। इसमें महिलाएं भी शामिल थी। यही वजह है कि घायलों में ज्यादा संख्या महिलाओं की है। घायल हुई महिलाएं खैरथल की रहने वाली हैं और खेतों में मजदूरी का कार्य करती हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार घायलों में जुबेदा (22), अनीता (35), पूनम (35), वर्षा मीणा (37), आशा (40), सुनीता (35), धर्मावती (60), पिंकी (18), सावित्री देवी (60), बबीता (18), विमलेश (24), कविता उमर (42), नन्ही (50), नजमीन (40), राजीव (45), सविता (35) गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

Exit mobile version