Saturday, September 21

अजमेर, राजस्थान पल्स न्यूज।

तीर्थराज पुष्कर के ख्यातिनाम ब्रह्मा मंदिर में आज श्रद्धालुओं का प्रवेश बंद कर दिया गया है। किसी को भी मंदिर में प्रवेश की इजाजत नहीं है। दरअसल मंदिर पुरोहितों ने ही प्रवेश बंद कर दिया है। इसकी अहम वजह है कि पुष्कर के पवित्र सरोवर में इन दिनों बहुत संख्या में मछलियां मर रही है। इस कारण सरोवर गंदा हो रहा है, वातावरण भी दूषित हो रहा है। ऐसे में स्थानी तीर्थ पुरोहितों ने इसकी शिकायत कई बार जिला प्रशासन से भी की लेकिन इसके बाद  भी समस्या का निदान नहीं हो रहा है। ऐसे हालात से खफा होकर तीर्थ पुरोहितों ने ही आज मंदिर में प्रवेश ही बंद कर दिया है। साथ ही पुष्कर का बाजार भी बंद करवा दिया है। नाराज पुरोहितों ने पुष्कर तालाब के घाटों पर पूजा-पाठ भी बंद कर दिया है। इस स्थिति में श्रद्धालुओं को भी मायूस लौटना पड़ रहा है।

नहीं ले रहा प्रशासन सुध
तीर्थ पुरोहितों को इस बात का मलाल है कि प्रशासन सरोवर की सुध ही नहीं ले रहा है।  तीर्थ पुरोहित संघ ट्रस्ट के पदाधिकारियों का आरोप है कि बीते कई दिनों से पुष्कर सरोवर में मछलियां मर रही हैं। जिला कलेक्टर को भी इस समस्या से निजात दिलाने के लिए कई बार ज्ञापन दिए गए, कई बार मौखिक रूप से भी बताया गया, लेकिन अब  तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। रोजाना सरोवर में हजारों मछलियां दम तोड़ रही हैं, जिससे पुष्कर सरोवर के 52 घाटों पर दुर्गंध फैल रही है। इस स्थिति में पुरोहित और श्रद्धालु घाट पर नहीं बैठ सकते।

सुबह से ही  बाजार बंद  
पुष्कर के पुरोहितों ने इस मुद्दे को लेकर आज (31 जुलाई) सुबह लामबंद हो गए हैं। श्रद्धालुओं को ब्रह्मा मंदिर में जाने से रोक दिया है, मंदिर की सीढ़ियों पर बैठकर धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है। कुछ तीर्थ पुरोहितों ने पुष्कर बाजार में खुली दो-चार दुकानों को भी बंद कराकर विरोध जताया है। इस दौरान पुरोहितों ने जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। सुबह से ही पुष्कर बाजार बंद है। वहीं दूसरी ओर दूर दराज से आ रहे श्रद्धालुओं ने भी इस बात को लेकर पुरोहितों का समर्थन किया है कि सरोवर में मछलियां मरना गंभीर बात है।  

Exit mobile version